रानुप्रिया(रायपुर):- राजिम के पुराने मेला मैदान के समीप विधायक रोहित साहू ने कंडरा आदिवासी समाज के नवीन सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु विधि-विधान से भूमिपूजन किया। लगभग 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह भवन समाज के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कंडरा आदिवासी समाज के अध्यक्ष विजय कंडरा, जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, वार्ड के पार्षद तुषार कदम आदि शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रोहित साहू ने शिला पूजन और नींव की खुदाई कर किया। इस अवसर पर कंडरा समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और भारी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने विधायक का भव्य स्वागत किया। स्थानीय समाज में इस बात को लेकर विशेष उत्साह देखा गया कि लंबे समय से लंबित इस मांग को विधायक ने प्राथमिकता के साथ पूरा किया है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब उनके पास विचार-विमर्श और एकजुट होने के लिए एक उचित स्थान हो। कंडरा समाज अपनी कला और संस्कृति के लिए जाना जाता है। यह भवन समाज के भविष्य और एकता का प्रतीक बनेगा। 25 लाख रुपए की यह राशि समाज के कल्याण के लिए एक समर्पित निवेश है। यह सामुदायिक भवन सर्वसुविधायुक्त होगा, जिससे विवाह, बैठकें और सामाजिक उत्सवों के लिए सर्वसुलभ स्थान प्राप्त होगा।

समाज ने जताया आभार
कंडरा आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भवन के निर्माण से समाज की वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के सामाजिक विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि नेहरू साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू,पार्षद आकाश राजपूत, राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुश्री छाया राही, पार्षद भरत यादव, सोमनाथ पटेल, बलराम पटेल, संजीव साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे।
इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..


