UP News: यूपी में बारिश का कहर… नदियां उफान पर

UP News: यूपी में बारिश का कहर… नदियां उफान पर

लखनऊ, 11 जुलाई। UP News: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पश्चिमी यूपी में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। कई जगह पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।

शुक्रवार देर रात लखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई। शनिवार तड़के तक कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इनमें 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और 27 जिलों में यलो अलर्ट है।

कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात

बिजनौर में गंगा और मालन नदी उफान पर हैं। पुलों पर पानी आने के बाद मेरठ-बिजनौर हाईवे और हरिद्वार रोड समेत कई रास्तों पर यातायात रोक दिया गया है। हापुड़ में भारी बारिश के कारण अंडरपास में पानी भर गया, जिसमें एक थार कार डूब गई। बाद में जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।

मेरठ में नेशनल हाईवे की बाउंड्री वॉल धंस गई। रेलवे अंडरपास में पानी भरने से एक कार डूब गई, जिसमें फंसे दो युवकों को पुलिस ने रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।

तीन दिन में 15 लोगों की मौत

प्रदेश में बारिश से जुड़े हादसों में पिछले तीन दिनों में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा चार मौतें गाजियाबाद में हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और पीड़ितों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

बिजनौर में चार युवक बहे, मुजफ्फरनगर में नहर टूटी

बिजनौर में शुक्रवार शाम तेज बहाव के कारण दो अलग-अलग हादसों में चार युवक नदी में बह गए। इनमें से एक को बचा लिया गया, जबकि बाकी की तलाश जारी है। वहीं सहारनपुर में कब्रिस्तान की मिट्टी बहने से कब्रें प्रभावित हुईं। मुजफ्फरनगर में नहर ओवरफ्लो होकर टूट गई।

मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा 315 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

मौसम