Amarnath Yatra: अमरनाथ यात्रा बनेगी देश की पहली ‘जीरो लैंडफिल’ तीर्थयात्रा

Amarnath Yatra: अमरनाथ यात्रा बनेगी देश की पहली ‘जीरो लैंडफिल’ तीर्थयात्रा

श्रीनगर, 13 जुलाई। Amarnath Yatra: इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा को देश की पहली ‘जीरो लैंडफिल पिलग्रिमेज’ बनाने की तैयारी की गई है। 3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा में 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने यात्रा के दौरान निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर उसे संसाधन में बदलने की योजना बनाई है।

यात्रा मार्ग पर प्लास्टिक कचरा कम करने के लिए वॉटर एटीएम लगाए गए हैं। वहीं, खच्चरों के गोबर से बायोगैस बनाई जाएगी। बालटाल और पहलगाम मार्ग पर जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं और विशेष सफाई दल तैनात किए गए हैं। अनुमान है कि यात्रा के दौरान करीब 700 मीट्रिक टन कचरा निकलेगा, जिसका वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा।

इधर, अमरनाथ गुफा में बनने वाला प्राकृतिक हिम शिवलिंग लगभग पूरी तरह पिघल गया है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं है और यात्रा जारी है। यात्रा के शुरुआती दिनों में ही 1 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

प्रशासन ने बिना पंजीकरण यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पहले अपना रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।

National