Kanpur Accident: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक में घुसी… 2 बच्चों समेत 3 की दर्दनाक मौत

Kanpur Accident: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक में घुसी… 2 बच्चों समेत 3 की दर्दनाक मौत

कानपुर, 13 जुलाई। Kanpur Accident: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 2 मासूम बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गई, और 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में हैलेट अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे और वाहन हरियाणा के सिरसा से बिहार के गया जा रहा था। हादसे में चालक बजरंग (45), दिलकुश कुमार (11) और एक अज्ञात बच्ची की मौके पर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक सर्विस लेन में खड़ा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने करीब 13 किलोमीटर दूर उसे पकड़ लिया। चालक ने पूछताछ में बताया कि वह ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी पीछे से स्कॉर्पियो आकर टकरा गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Breaking News