Fire in Noida: नोएडा की चार मंजिला इमारत में भीषण आग…दो की मौत

Fire in Noida: नोएडा की चार मंजिला इमारत में भीषण आग…दो की मौत

नोएडा, 15 जुलाई| Fire in Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, वही दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह हादसा फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव स्थित एक जी+4 इमारत में हुआ, जहां आग लगने के समय करीब 50 परिवार मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग की शुरुआत चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में स्पार्क होने से हुई। चिंगारी के बाद आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों ने आग पकड़ ली, जिससे देखते ही देखते लपटें पूरी इमारत में फैल गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही फायर सर्विस की 7 दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रेस्क्यू के दौरान धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निगरानी करने के निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। मृतकों की पहचान और संपत्ति के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Breaking News