गोरखपुर, 22 जुलाई। UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को गोरखपुर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के जरिए पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में उतारने की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उनके मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारों के साथ उनका स्वागत किया।
सम्मेलन में गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्ष शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी ने बूथ स्तर के संगठन को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से हर बूथ को मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता और संगठन की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण है।


