नई दिल्ली, 23 जुलाई। Monsoon Update: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वही कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, महाराष्ट्र, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के चलते भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़कें बाधित होने की आशंका जताई गई है। स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हरियाणा और पंजाब में भी अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय बना रह सकता है।
छत्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही वर्षा से खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मछुआरों को भी खराब मौसम को देखते हुए समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।


