बलौदाबाजार। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं। बलौदाबाजार जिले के सिमगा के पास दरचुरा गांव में यात्रियों से भरी बस खड़े ट्रक से टकरा गई।
सुबह साढ़े पांच बजे हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे का है। अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 ग्राम दरचुरा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। उसी जगह सड़क किनारे एक खराब ट्रक पहले से खड़ा था, जिससे बस पीछे से जा टकराई।
22 यात्री थे सवार, टक्कर से उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि बस में 22 से ज्यादा यात्री सवार थे। जोरदार टक्कर से बस के आगे के परखच्चे उड़ गए और यात्री सीटों में ही फंस गए। हादसे में 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल
घटना की जानकारी मिलते ही सिमगा पुलिस, डायल 112 और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे लोगों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया और तुरंत शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हाईवे पर बिना इंडिकेटर के खड़े खराब ट्रक को हादसे की वजह माना जा रहा है।

