Site icon

Balrampur Teacher Attack : स्कूल के अंदर शिक्षक पर जानलेवा हमला, नशे में धुत युवक ने डंडे से पीटा

बलरामपुर। जिले में शिक्षा के मंदिर में गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वाड्रफनगर के मदनपुर प्राथमिक विद्यालय में एक नशेड़ी युवक ने घुसकर सहायक शिक्षक पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और मासूम बच्चे दहशत में आ गए।

दोपहर में नशे में धुत होकर पहुंचा आरोपी

जानकारी के मुताबिक मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र के वाड्रफनगर चौकी का है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे आरोपी प्रदीप मरावी नशे की हालत में मदनपुर प्राथमिक शाला के कार्यालय के सामने पहुंचा। वहां मौजूद कर्मचारियों को गाली-गलौज कर धमकाने लगा।

सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता पर किया हमला

हंगामा करते हुए आरोपी सीधे सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता के पास पहुंचा और डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, आरोपी ने शिक्षक को ट्रक से कुचलकर मार डालने की धमकी भी दी। शिक्षक की चीख-पुकार सुनकर स्कूल का स्टाफ दौड़ा और बीच-बचाव किया।

112 पर सूचना, पुलिस ने दबोचा

घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी और घायल शिक्षक दोनों को चौकी लेकर आई। पूछताछ में शिक्षक ने बताया कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह की हरकत की थी, जिस पर उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। उसी पुरानी रंजिश को लेकर उसने दोबारा इस वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में प्रदीप मरावी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।

Exit mobile version