Site icon

CG Weather Alert: बारिश और तेज हवा का अलर्ट… बस्तर के सभी स्कूल आज बंद

रायपुर, 11 सितम्बर। CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में दो दिन की राहत के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश को देखते हुए बस्तर जिले के सभी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

मौसम विभाग के अनुसार नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा और जशपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, बिलासपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

मौसम खराब होने पर सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से तेज हवा और आकाशीय बिजली के दौरान पेड़, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को खराब मौसम के दौरान खेतों में काम रोकने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version