Site icon

Chhattisgarh BJP: स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा, भाजपा में सियासी हलचल, मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड से तय होगी आगे की रणनीति

Chhattisgarh BJP- रायपुर। भाजपा की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी। उनके पहले दौरे को लेकर संगठन में तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं, उनके आगमन से पहले प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, फिलहाल दिल्ली से मंत्रिमंडल में बदलाव के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। इस बीच, सभी मंत्रियों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है, जिसे स्मृति ईरानी अपने दौरे के दौरान साथ लेकर आएंगी।

मंत्रियों के कामकाज की होगी समीक्षा, रिपोर्ट में उपलब्धियों से लेकर विवादों तक का ब्योरा

प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए उनकी अब तक की उपलब्धियों, विभागों में चल रहे मामलों, विवादों और कामकाज में सामने आई कमियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस रिपोर्ट के आधार पर मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की जा सकती है।

स्मृति ईरानी के दौरे की तैयारियों के तहत बैठकों का क्रम भी तय किया जा रहा है। सबसे पहले सांसदों के साथ चर्चा होगी। इसके बाद विधायकों और फिर मंत्रियों से मुलाकात की जाएगी। मंत्रियों के साथ सामूहिक बैठक के अलावा जरूरत के अनुसार अलग-अलग बातचीत की योजना भी बन सकती है। निगम-मंडलों के अध्यक्षों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। इन सभी बैठकों में सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे।

करीब 11 महीने बाद छत्तीसगढ़ आएगा कोई प्रभारी

भाजपा के संगठनात्मक लिहाज से स्मृति ईरानी का दौरा काफी अहम माना जा रहा है। नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पिछले नौ महीनों से प्रदेश प्रभारी के तौर पर उनका कोई दौरा नहीं हुआ था। बिहार चुनाव के बाद वे 28 नवंबर 2025 को आखिरी बार छत्तीसगढ़ आए थे। ऐसे में लंबे अंतराल के बाद प्रदेश में प्रभारी का दौरा संगठन और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकीं स्मृति ईरानी को संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर काम करने का अनुभव है। उनके दौरे को लेकर पार्टी में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलाए गए एक महीने के ‘सेवा संकल्प’ अभियान की समीक्षा भी करेंगी। दो दिनों के प्रवास के दौरान संगठन की विभिन्न बैठकें आयोजित करने की योजना है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव के बाद राज्य में फेरबदल की संभावना

प्रदेश में मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर चर्चाओं के बीच पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि राज्य में किसी फेरबदल से पहले केंद्र में मंत्रिमंडल का पुनर्गठन हो सकता है। दीपावली से पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें हैं, जबकि कुछ सूत्र राज्य में बदलाव की संभावना 2027 तक टलने की बात कह रहे हैं।

केंद्रीय स्तर पर फेरबदल के बाद भाजपा का पूरा ध्यान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर केंद्रित हो सकता है। चुनावी प्रदर्शन के आधार पर कुछ नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिलने और बेहतर परिणाम देने वालों को संगठन में आगे बढ़ाने की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में मंत्रियों की समीक्षा को भविष्य की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलें, मंत्रिमंडल में भी हो सकता है बदलाव

भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को बदलने की चर्चाएं भी जारी हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व उनके कामकाज से संतुष्ट बताया जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा कराने से संगठन में उनकी स्थिति मजबूत हुई है।

दूसरी ओर, आगामी चुनावों को देखते हुए जातिगत समीकरणों के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। एक मंत्री को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। यदि ऐसा होता है तो मंत्रिमंडल में भी छोटा फेरबदल हो सकता है। फिलहाल इन अटकलों पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

स्मृति ईरानी के स्वागत में भाजयुमो निकालेगा बाइक रैली

स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। 25 अक्टूबर को रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से मोटरसाइकिल रैली निकालकर दोनों नेताओं का स्वागत किया जाएगा।

गुरुवार को भाजयुमो रायपुर शहर जिला के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों की बैठक हुई। इसमें स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वहीं, बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में रायपुर शहर भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल हुए।

Exit mobile version