Site icon

Chhattisgarh Hockey League : हॉकी लीग में चक्रधर चैंपियंस की शानदार जीत, मैनपाट-बैलाडीला का मैच ड्रॉ…

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिला। चक्रधर चैंपियंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से हराकर जीत दर्ज की, जबकि मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स का मुकाबला 3-3 से बराबर रहा। चक्रधर चैंपियंस के मैच के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

चक्रधर चैंपियंस ने दागे छह गोल

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ चक्रधर चैंपियंस ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। अनुभवी भारतीय खिलाड़ी एस.वी. सुनील के सटीक पास पर युवराज वाल्मीकि ने गोल कर टीम का खाता खोला। इसके तुरंत बाद अर्जुन यादव के पास पर कार्तिक यादव ने दूसरा गोल दाग दिया।

दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए युवराज वाल्मीकि ने टीम की बढ़त बढ़ाई। संस्कारधानी की ओर से शाहरुख ने गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन वाल्मीकि ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर आगे कर दिया।

संस्कारधानी की वापसी के बावजूद चक्रधर ने मारी बाजी

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जोरदार वापसी की। शाहरुख और शमशेर ने गोल कर स्कोर का अंतर कम कर दिया। हालांकि, अंतिम क्वार्टर में मनीष ने गोल कर चक्रधर की बढ़त मजबूत की। इसके बाद युवराज वाल्मीकि ने अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। शमशेर ने संस्कारधानी के लिए एक और गोल किया, लेकिन चक्रधर चैंपियंस ने मुकाबला 6-4 से जीत लिया। शाहरुख को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और युवराज वाल्मीकि को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैनपाट और बैलाडीला के बीच 3-3 की बराबरी

दिन के पहले मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स ने शुरुआती दो क्वार्टर में बढ़त बनाई, लेकिन बैलाडीला बुल्स ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की। जसकरण सिंह और राहुल यादव के गोल से बैलाडीला ने मुकाबले में वापसी की। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ और मैच 3-3 से ड्रॉ रहा। इस मुकाबले में प्रहलाद को *स्ट्राइकर ऑफ द मैच* और करण धानुक को *प्लेयर ऑफ द मैच* का पुरस्कार मिला।

1 नवंबर को होगा फाइनल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 132 खिलाड़ी खेल रहे हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य राज्य में हॉकी को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। सेमीफाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को, जबकि फाइनल 1 नवंबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा।

Exit mobile version