Site icon

Chhattisgarh News: जल जीवन मिशन अधूरा… टंकी बनी शोपीस और नदी से पानी भर रहे ग्रामीण

जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के दावों के बीच मोहला-मानपुर जिले के मानपुर विकासखंड का पिट्टेमेटा गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहा है

जल जीवन मिशन

मोहला-मानपुर, 21 जुलाई। Chhattisgarh News: जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के दावों के बीच मोहला-मानपुर जिले के मानपुर विकासखंड का पिट्टेमेटा गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहा है। गांव में बनाई गई पानी की टंकी और टावर उपयोग के अभाव में शोपीस बने हुए हैं, वही ग्रामीणों को बरसात के मौसम में भी नदी में झरिया बनाकर पीने का पानी जुटाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो साल पहले शुरू हुआ पेयजल आपूर्ति का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। घर-घर तक पाइपलाइन बिछाने और नियमित जल आपूर्ति की व्यवस्था अधूरी पड़ी है। गांव में पानी की टंकी तो तैयार कर दी गई, लेकिन पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज के कारण टंकी लंबे समय से खाली पड़ी है और योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच रहा है।

सोलर टंकी भी नहीं दे पा रही राहत

गांव में पहले से मौजूद सोलर सिस्टम आधारित छोटी पानी टंकी भी ग्रामीणों की जरूरत पूरी नहीं कर पा रही है। इससे जुड़े हैंडपंप में लीकेज की समस्या के कारण नलों से बहुत कम पानी निकलता है। ग्रामीणों को घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।

नदी के झरिया से बुझा रहे प्यास

पेयजल संकट से परेशान ग्रामीण अब नदी के पानी पर निर्भर हैं। वे नदी में झरिया बनाकर रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी भर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार उन्होंने प्रशासन को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

गांव के प्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग की है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version