रायपुर। बस्तर दशहरा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के साथ छेड़छाड़ कर रही है। बैज ने राष्ट्रपति के दो बार बस्तर आने पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इन दौरों से क्षेत्र को आखिर क्या फायदा मिला?
मुरिया दरबार की परंपराओं से छेड़छाड़ का आरोप
दीपक बैज ने कहा कि बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार को भाजपा ने मजाक बनाकर रख दिया है। उन्होंने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ कथित छेड़छाड़ पर आपत्ति जताई। बैज ने बस्तर दशहरा से जुड़े छायाचित्र को गलत तरीके से दर्शाए जाने का आरोप भी लगाया।
नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि बस्तर में नक्सलियों के नाम पर 4 हजार से ज्यादा लोग जेल में बंद हैं, जबकि बड़े नक्सली सरकार के संरक्षण में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पास ऐसे मामलों में कार्रवाई करने की ताकत है और वे बंदियों की रिहाई कर सकती हैं।
1 नवंबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की ओर से दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी है। इसे लेकर दीपक बैज ने कहा कि 1 नवंबर को राजधानी में होने वाली रैली में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में वोट चोरी और SIR प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के नाम काटे जाने के आरोपों को उठाया जाएगा। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
स्मृति ईरानी के दौरे पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी दीपक बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या स्मृति ईरानी भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी को कम कर पाएंगी?
बैज ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए महंगाई और घरेलू जरूरतों की कीमतों को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि क्या आम लोगों को 13 रुपये किलो शक्कर और 400 रुपये में गैस सिलेंडर मिल पाएगा। उन्होंने स्मृति ईरानी को भाजपा का बड़ा और प्रभावशाली नेता बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके दौरे से इन मुद्दों पर कुछ बदलाव देखने को मिलेगा।

