रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लोगों के बीच सकारात्मक सोच और समाजसेवा की भावना बढ़ाने वाला मंच बताया। उन्होंने कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को देशवासियों को इस कार्यक्रम का इंतजार रहता है। इसके जरिए प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कार्यों और नए प्रयोगों से लोगों को परिचित कराते हैं।
मन की बात से मिलती है कुछ नया करने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 139वां एपिसोड सुना गया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आम नागरिकों के ऐसे प्रयासों को सामने लाया जाता है, जो समाज और देश के लिए उपयोगी होते हैं। इन प्रयासों से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है और वे जनहित में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।
पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं स्मृति ईरानी
सीएम साय ने भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्मृति ईरानी के साथ अभनपुर के एक बूथ पर प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी स्मृति ईरानी
स्मृति ईरानी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग स्तर पर बैठकें होंगी। इन बैठकों के जरिए संगठन से जुड़े कार्यों पर चर्चा करने और कार्यकर्ताओं से संवाद करने पर जोर रहेगा।

