Site icon

Chhattisgarh Rajyotsav : राज्योत्सव में वायुसेना का दमदार प्रदर्शन, सारंग टीम के करतबों ने जीता दिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दौरान नवा रायपुर की सेंध झील के ऊपर भारतीय वायुसेना ने दो दिवसीय एयर शो के जरिए अपने शौर्य और हवाई कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। 1 और 2 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों की पैराशूट से छलांग, गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे।

आकाश गंगा की छलांग, गरुड़ कमांडो की तैनाती

एयर शो में वायुसेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम के जवानों ने आसमान से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई। इसके बाद Mi-17 हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती का प्रदर्शन किया गया। वहीं, वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने शानदार फॉर्मेशन और सटीक उड़ान कौशल से दर्शकों को रोमांचित किया। हेलीकॉप्टरों की एक साथ उड़ान और बेहद करीब से गुजरते हुए करतब देखने लायक रहे।

राज्यपाल की मौजूदगी में हुआ समापन

सोमवार को एयर शो का समापन राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोगों ने वायुसेना के इस प्रदर्शन को देखा। दो दिनों तक सेंध झील का आसमान भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना।

Exit mobile version