डोंगरगढ़। राह चलते दो अनजान व्यक्तियों की मदद करना एक युवक को भारी पड़ गया। लिफ्ट देने के बाद दोनों उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क किनारे बेसुध हो गया। होश आने पर उसकी बाइक गायब मिली।
लिफ्ट देने के बाद आया तेज चक्कर
घटना 30 अक्टूबर की है। बधियाटोला वार्ड क्रमांक 7 निवासी 25 वर्षीय विशाल टेम्भुरकर अपनी हीरो होंडा सीडी डीलक्स बाइक से प्रज्ञागिरि जा रहा था। रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने लिफ्ट मांगी तो उसने दोनों को बाइक पर बैठा लिया। प्रज्ञागिरि पहुंचने पर विशाल को अचानक तेज चक्कर आने लगे और वह सड़क किनारे लेट गया। इसी दौरान दोनों व्यक्ति उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला
विशाल ने 2 नवंबर को डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों और बाइक की तलाश कर रही है।
तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट नहीं
विशाल को अचानक चक्कर क्यों आए, यह अभी साफ नहीं है। उसे नशीला पदार्थ दिए जाने की भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

