जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 17 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर मुंबई ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने अजय पुरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
18 सितंबर से लापता थी छात्रा
परिजनों ने 20 सितंबर को पत्थलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अजय पुरी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
मुंबई से बरामद हुई नाबालिग
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मुंबई के नालासोपारा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद विशेष टीम मुंबई पहुंची और 27 अक्टूबर को नाबालिग को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बयान में आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और काम के बहाने उसे मुंबई ले गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम), 87 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ी हैं। नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

