रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने गोवर्धन पूजा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पहले इस दिन सिर्फ ऐच्छिक छुट्टी दी गई थी, लेकिन अब इसे पूर्ण सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
अब सामान्य अवकाश में शामिल हुई गोवर्धन पूजा
सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर पहले के आदेश में संशोधन किया है। पहले 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के लिए ऐच्छिक अवकाश तय किया गया था, जिसे अब बदलकर सामान्य अवकाश की सूची में डाल दिया गया है।
सोमवार को बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर
नए आदेश के अनुसार 9 नवंबर 2026, सोमवार को प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालय, संस्थान और स्कूलों में सामान्य अवकाश रहेगा। इस दिन कोई भी सरकारी कामकाज नहीं होगा।
कर्मचारियों को मिलेगा त्योहार का पूरा समय
सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों को राहत मिली है। अब वे बिना छुट्टी की चिंता किए परिवार के साथ गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम से मना सकेंगे।

