Site icon

Ganesh Chaturthi: ‘गणपति बप्पा मोरया’ से गूंजा देश… गणेश चतुर्थी पर दिखा उत्साह

नई दिल्ली, 14 सितम्बर। Ganesh Chaturthi: देशभर में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ से लेकर महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक तक मंदिरों और पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। कई जगहों पर विशेष आरती और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में भी गणेशोत्सव की धूम

छत्तीसगढ़ में भी गणेश चतुर्थी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में घरों, मंदिरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु विधि-विधान से गणपति की पूजा कर सुख-समृद्धि और सफलता की कामना कर रहे हैं।

रायपुर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूजा-अर्चना के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रदेश में गणेशोत्सव के दौरान अलग-अलग स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम और सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।

महाराष्ट्र में गणेशोत्सव को लेकर खासा उत्साह

महाराष्ट्र में गणेशोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल में भगवान गणेश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ दर्शन कर रहे हैं। मुंबई में गणेश उत्सव 10 दिनों तक बड़े स्तर पर मनाया जाता है।

नागपुर के प्रसिद्ध श्री गणेश मंदिर टेकड़ी में गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंगल आरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वहीं जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भी सुबह से भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

दक्षिण भारत में भी दिखा उत्साह

तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के पिल्लैयारपट्टी स्थित ऐतिहासिक करपगा विनायकर मंदिर में हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।

कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित श्री डोड्डा गणपति मंदिर में भी गणेश चतुर्थी और गौरी-गणेश पर्व को लेकर भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।

बंगाल में गणेश पंडालों में दिखा अलग अंदाज

पश्चिम बंगाल में गणेश चतुर्थी के दौरान धार्मिक उत्सव के साथ सामाजिक और समसामयिक विषयों की झलक भी देखने को मिली। कोलकाता के बागुईआटी इलाके में एक पूजा पंडाल को ‘परिवर्तन – विकसित बंगाल की ओर, डबल इंजन सरकार के साथ’ थीम पर तैयार किया गया है।

पंडाल में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रतिकृति के साथ प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के मॉडल लगाए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को दर्शाने वाली झांकियां भी तैयार की गई हैं।

देश के अलग-अलग हिस्सों में मंदिरों और पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ गणेश चतुर्थी की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक महत्व को दर्शा रही है। श्रद्धालु भगवान गणेश की पूजा कर सुख, समृद्धि और सफलता की कामना कर रहे हैं।

Exit mobile version