Site icon

GaneshChaturthi: मुख्यमंत्री निवास में विराजे भगवान गणेश… CM साय ने परिवार संग की पूजा-अर्चना

रायपुर, 15 सितंबर। GaneshChaturthi: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज से गणपति की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से करने की प्राचीन परंपरा रही है।

उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों का विशेष महत्व है। ये पर्व हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ परिवार और समाज को भी एक सूत्र में बांधते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेशोत्सव सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना को मजबूत करने का अवसर देता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version