Municipal Corporation- रायपुर। राजधानी के बीएसयूपी खालबाड़ा में चार दिनों तक सफाई कार्य ठप रहने पर नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। जोन क्रमांक 9 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। निगम ने ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर ठेका निरस्त करने की चेतावनी दी है।
चार दिन तक बंद रहा सफाई कार्य
मामला नगर निगम के जोन क्रमांक 9 के वार्ड क्रमांक 8 स्थित बीएसयूपी खालबाड़ा का है। यहां सफाई का जिम्मा संभालने वाली ठेका एजेंसी मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस ने 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक लगातार चार दिनों तक सफाई संबंधी काम बंद रखा। बिना पूर्व सूचना और अनुमति के काम बंद होने से इलाके की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
निगम ने मांगा लिखित जवाब
सफाई कार्य में लापरवाही को गंभीर मानते हुए निगम के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। एजेंसी को जोन कमिश्नर के सामने उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा ठेकेदार को तत्काल सफाई कार्य शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कहा गया है।
जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो ठेका होगा निरस्त
नगर निगम ने साफ किया है कि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने या ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए एजेंसी पर 10 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है।

