नवागढ़, 13 सितम्बर। Navagarh: नवागढ़ में देर रात स्नेक रेस्क्यू के दौरान सर्पदंश से मनीष पाटिल की मौत हो गई। लोगों को जहरीले सांपों से बचाने वाले मनीष को रेस्क्यू के दौरान उसी सांप ने डस लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांप को डिब्बे में डालते समय मनीष पर हमला करते हुए देखा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, 112 की टीम मनीष पाटिल को स्नेक रेस्क्यू के लिए अपने साथ लेकर गई थी। रेस्क्यू के दौरान सांप के डसने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल नवागढ़ अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने वहां समुचित इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है। इसके बाद मनीष को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लंबे समय से कर रहे थे स्नेक रेस्क्यू
मनीष पाटिल नवागढ़ क्षेत्र में लंबे समय से स्नेक रेस्क्यू का काम कर रहे थे। घरों और आसपास सांप निकलने की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचकर सांपों को सुरक्षित पकड़ते थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अब तक बड़ी संख्या में सांपों का रेस्क्यू किया था।
दूसरों को सांपों के खतरे से बचाने के दौरान मनीष खुद सर्पदंश का शिकार हो गए। उनकी मौत की खबर से नवागढ़ क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों के बीच मनीष की पहचान एक ऐसे रेस्क्यूअर के रूप में थी, जो सांप निकलने की सूचना मिलते ही लोगों की मदद के लिए पहुंच जाते थे।

