सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। धान खरीदी की तैयारियों, धान गिरदावरी, डिजिटल क्रॉप सर्वे और आपदा सर्वे जैसे जरूरी कार्यों में बाधा आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। प्रशासन ने हड़ताल कर रहे पटवारियों को नोटिस जारी कर तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी पर नहीं लौटे तो हो सकती है कार्रवाई
प्रशासन ने पटवारियों को निर्धारित समय पर काम पर उपस्थित होकर अपनी हाजिरी दर्ज कराने को कहा है। आदेश की अनदेखी करने और ड्यूटी पर वापस नहीं आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सेवा में ब्रेक सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जरूरी सरकारी कामों पर पड़ रहा असर
पटवारियों की हड़ताल के कारण धान गिरदावरी, डिजिटल क्रॉप सर्वे, धान खरीदी की तैयारियों और आपदा सर्वे का काम प्रभावित हो रहा है। इन कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाया है। नोटिस के बाद पटवारी काम पर लौटते हैं या अपनी हड़ताल जारी रखते हैं, इस पर सबकी नजर है।

