रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर प्रदेश से अपने पुराने संबंधों को याद किया। पत्र में उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक पहचान और बस्तर में हो रहे बदलाव का जिक्र किया।
प्रदेश की संस्कृति से जुड़ी हैं पुरानी यादें
प्रधानमंत्री ने बताया कि संगठन में सक्रिय रहने के समय से ही छत्तीसगढ़ उनके लिए खास रहा है। सरगुजा से बस्तर तक के अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने यहां की जनजातीय जीवनशैली, लोक परंपराओं और लोगों के स्नेह को प्रदेश की अहम विशेषता बताया।
बस्तर की बदलती तस्वीर पर जताया संतोष
पत्र में मोदी ने माओवाद से प्रभावित रहे बस्तर में आ रहे परिवर्तन को भी रेखांकित किया। उन्होंने क्षेत्र में बदलते हालात और विकास की ओर बढ़ते कदमों को सकारात्मक संकेत बताया। उनके मुताबिक, बस्तर में हो रहा यह बदलाव गर्व की बात है।

