रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पत्रकारों को स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शासन ने ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026’ का प्रारूप तैयार कर मीडिया कर्मियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
योजना के प्रारूप पर 1 से 30 नवंबर 2026 तक सुझाव भेजे जा सकते हैं। इसका प्रारूप जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर उपलब्ध है। पत्रकार अपने सुझाव chhattisgarhmediakarmi@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री और शासन का जताया आभार
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य शासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दुर्घटनाओं के समय आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बीमा योजना की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
पत्रकारों से सुझाव भेजने की अपील
प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि पत्रकारों के सुझावों को शामिल कर योजना को जल्द लागू किया जाएगा।
प्रेस क्लब ने प्रदेश के सभी पत्रकारों और मीडिया कर्मियों से योजना के प्रारूप का अध्ययन कर निर्धारित समय-सीमा में सुझाव भेजने की अपील की है, ताकि पत्रकारों की जरूरतों और व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए योजना को अधिक प्रभावी और लाभकारी बनाया जा सके।

