रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित करम पूजा परब 2026 के दौरान गनोद गांव में उरांव समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। इससे समाज के लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए पारंपरिक त्योहारों, लोकगीतों और रीति-रिवाजों को सहेजने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में समाज के प्रमुख बिंदेश्वर भगत, वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी, उरांव समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

