CG News: ‘जशक्राफ्ट’ ब्रांड से छत्तीसगढ़ के बांस हस्तशिल्प को मिलेगी वैश्विक पहचान

CG News: ‘जशक्राफ्ट’ ब्रांड से छत्तीसगढ़ के बांस हस्तशिल्प को मिलेगी वैश्विक पहचान

जशपुर, 13 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जशपुर जिला प्रशासन ने ‘जशक्राफ्ट’ ब्रांड लॉन्च किया है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय और जनजातीय कारीगरों के बांस हस्तशिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना, आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उनकी आय में वृद्धि करना है।

जशपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत झोलांगा में 29 जून से 29 जुलाई तक एक माह का आवासीय बांस हस्तशिल्प प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिला पंचायत और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस प्रशिक्षण के पहले बैच में 46 महिलाएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण के लिए गुजरात के सूरत से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को बुलाया गया है, जो महिलाओं को बाजार की मांग के अनुरूप फैंसी ट्रे, गुलदस्ते, सजावटी सामग्री, फर्नीचर, सोफा और पलंग जैसे आधुनिक बांस उत्पाद तैयार करना सिखा रहे हैं।

जशपुर और मनोरा विकासखंड के करीब 250 परिवार वर्षों से बांस शिल्प के माध्यम से आजीविका चला रहे हैं। अब इन्हें और बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि (CIF), बैंक लिंकेज और मुद्रा ऋण जैसी वित्तीय सुविधाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

‘जशक्राफ्ट’ के तहत तैयार उत्पादों की बिक्री रूरल मार्ट, राष्ट्रीय प्रदर्शनियों और बड़े बाजारों में सुनिश्चित करने के लिए मार्केटिंग विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। जिला प्रशासन का लक्ष्य आगामी वर्ष तक इन महिला कारीगरों की आय बढ़ाकर उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाना है।

राज्य खबर