ग्वालियर, 10 जुलाई। ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है। अदालत ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरण के रिकॉर्ड के मुख्य पृष्ठ पर लाल स्याही से “अभियुक्त फरार है” है अंकित किया जाए और मामले को नियमानुसार सुरक्षित रखा जाए।
जानकारी के अनुसार, दिनेश लोधी (40), निवासी ग्राम जलालपुर, के खिलाफ पुरानी छावनी थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ 28 दिसंबर 2023 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी।
गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान पुरानी छावनी थाने के प्रधान आरक्षक संजय द्विवेदी ने अदालत में वारंट की अदम तामील रिपोर्ट और तस्दीक पंचनामा पेश किया। अदालत ने प्रस्तुत दस्तावेजों और रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद दिनेश लोधी को फरार घोषित कर दिया।
विशेष न्यायाधीश नवीन कुमार शर्मा ने अभियुक्त के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं। अब पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई करनी होगी।

