रायपुर, 13 जुलाई। CG News: नकटी गांव में विस्थापित परिवारों के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के निवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि गरीबों के घर उजाड़कर किसी भी तरह की विधायक कॉलोनी बनाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नंदे और यूथ विंग जिलाध्यक्ष विकास दास मानिकपुरी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नकटी के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।
AAP ने मांग रखी कि विस्थापित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास किया जाए, चरागाह भूमि पर प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के फैसले पर पुनर्विचार हो और गरीब, मजदूर, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान जनता के विश्वास से मिलता है, न कि गरीबों का आशियाना उजाड़कर। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को न्याय और पुनर्वास मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि 29 जून को नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से यह मामला लगातार राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। कांग्रेस भी इस मामले को लेकर सरकार पर हमलावर है और विधानसभा में मुद्दा उठाने की तैयारी कर चुकी है। अब AAP के प्रदर्शन के बाद नकटी विवाद को लेकर राजनीतिक घमासान और तेज हो गया है।


