भोपाल में ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’: सीएम बोले… MP बनेगा देश का टेक हब

भोपाल में ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’: सीएम बोले… MP बनेगा देश का टेक हब

भोपाल, 13 जुलाई| भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का शुभारंभ किया। इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य मध्यप्रदेश में डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे टेक सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देना है। इस दौरान सीएम ने 20 औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम में इंडिया लीड फॉर गूगल प्ले और मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPSEDC) के बीच महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया गया।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अब सिर्फ कृषि, खनन और वन संपदा के लिए ही नहीं, बल्कि डिफेंस, ड्रोन, साइंस-टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी और फ्यूचर सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव में प्रदेश को करीब 46 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के बाद से अब तक टेक सेक्टर में 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश जमीन पर उतर चुका है। वहीं, स्पेन की कंपनी सबमर ग्रुप मध्यप्रदेश में 1 गीगावाट क्षमता का डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए निवेश कर रही है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तीन बड़ी घोषणाएं कीं

इंदौर आईटी कॉरिडोर में 3 लाख वर्ग फीट का अत्याधुनिक आईटी पार्क बनेगा।

सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा।

भोपाल में 4 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बड़ा आईटी पार्क विकसित होगा।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में कई बड़ी टेक कंपनियां प्रदेश में 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश की तैयारी कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख टेक हब के रूप में विकसित करना है।

 

National