Balod News: शिक्षक की पिटाई से छात्र घायल… परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

Balod News: शिक्षक की पिटाई से छात्र घायल… परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

बालोद, 23 जुलाई। Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से शिक्षक द्वारा छात्र की कथित पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है। शॉर्ट रिसेस के बाद महज एक मिनट की देरी से कक्षा में पहुंचने पर एक शिक्षक ने 12 वर्षीय छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी। इस घटना में छात्र के सिर में चोट आई है, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के एक मिडिल स्कूल का है। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, स्कूल में पदस्थ शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने कक्षा 7वीं में अध्ययनरत 12 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि शॉर्ट रिसेस समाप्त होने के बाद छात्र महज एक मिनट की देरी से कक्षा में पहुंचा था। इसी बात से नाराज शिक्षक ने पहले छात्र के साथ गाली-गलौज की और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

सिर में आई चोट, अस्पताल में कराया गया उपचार

मारपीट के दौरान छात्र के सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। छात्र की चोटों को देखते हुए परिजन काफी आक्रोशित हैं और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

घटना की शिकायत मिलने के बाद डौंडीलोहारा पुलिस ने आरोपी शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

राज्य खबर