रायपुर, 18 जुलाई। CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित ये आधुनिक रेलवे स्टेशन छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को नई मजबूती देंगे। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। आधुनिक रेलवे स्टेशन और बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदेश में निवेश, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। इससे आम नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित ये स्टेशन छत्तीसगढ़ के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा प्रदेश को देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से और अधिक मजबूत तरीके से जोड़ेंगे।


