कर्नाटक, 25 जुलाई। CM Vishnu Deo Sai: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के मुद्देनहल्ली स्थित सत्य साई ग्राम का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित समग्र सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ‘वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन’ के संस्थापक मधुसूदन साई से सौजन्य भेंट कर जनकल्याणकारी योजनाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण संवर्धन तथा मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार और संस्था के बीच भावी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

सत्य साई संजीवनी अस्पताल के कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल द्वारा पूर्णतः निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा के माध्यम से हजारों बच्चों को नया जीवन देने के कार्य की सराहना की। उन्होंने अस्पताल परिसर के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना तथा राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण है।
मूल्य आधारित शिक्षा पर दिया जोर
विष्णुदेव साय मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में 25 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा शिक्षाविदों और शिक्षकों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का मजबूत आधार होनी चाहिए।
कुपोषण दूर करने के मॉडल पर हुई चर्चा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स’ इकाई का भी निरीक्षण किया। यह संस्था देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग एक करोड़ बच्चों को मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के कुपोषण को दूर करने के लिए इस मॉडल को लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही, यहां नर्सिंग शिक्षा प्राप्त कर रहे छत्तीसगढ़ के लगभग 300 युवाओं की सराहना करते हुए उनके सेवा भाव की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और ऐसे नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा सकें।


