MP Weather Update: मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून… 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून… 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल, 24 जुलाई। MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान करीब 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 24 जून को मानसून के प्रवेश के बाद से अब तक औसतन 325.1 मिमी (12.8 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है। इस अवधि तक प्रदेश में औसतन 359.6 मिमी (14.1 इंच) वर्षा होनी चाहिए थी। हालांकि, राहत की बात यह है कि बारिश की कमी लगातार कम हो रही है। 20 जुलाई तक यह कमी 17 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 10 प्रतिशत रह गई है।

आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 13 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

भारी बारिश की चेतावनी वाले पांच जिलों के अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जुलाई के अंतिम सप्ताह तक मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा और कई इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम