Sachin Pilot Visit: 28 जुलाई को रायपुर आएंगे सचिन पायलट… कांग्रेस के प्रदर्शन में हो सकते हैं शामिल

Sachin Pilot Visit: 28 जुलाई को रायपुर आएंगे सचिन पायलट… कांग्रेस के प्रदर्शन में हो सकते हैं शामिल

रायपुर, 25 जुलाई। Sachin Pilot Visit: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 28 जुलाई को रायपुर दौरे पर आएंगे। माना जा रहा है कि वे NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे की अवधि और अन्य कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, सचिन पायलट के दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों की भी संभावना है। प्रदेश कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक बदलावों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उनके इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संगठनात्मक मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

बताया जा रहा है कि रायपुर प्रवास के दौरान सचिन पायलट कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन को लेकर चर्चा कर सकते हैं। इसके अलावा, राज्य में चल रहे विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर भी मंथन होने की संभावना है।

जून में भी रायपुर आए थे सचिन पायलट

इससे पहले 25 जून को सचिन पायलट रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा था और कहा था कि भाजपा को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की चिंता छोड़कर अपनी सरकार और संगठन की अंदरूनी खींचतान पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा था कि कांग्रेस 135 वर्ष पुरानी पार्टी है और नए जिला अध्यक्षों तथा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राहुल गांधी की सोच के अनुरूप कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी हुई है।

 

News and Politics