पटना, 13 जून। Congress protest: NEET-UG परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को पटना में राजनीतिक माहौल गरमा गया। परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सड़क पर उतरा आक्रोश, निकाला गया प्रतीकात्मक जनाजा
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक ‘जनाजा’ निकाला। इस प्रदर्शन में कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें पप्पू यादव भी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। गोसाई टोला मोड़ के पास पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन भी किया।
परीक्षा रद्द और पुनः आयोजन का विवाद
जानकारी के अनुसार, NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा को लेकर विवाद गहरा गया। मामले में सरकार की ओर से परीक्षा रद्द करने और पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, गड़बड़ी का पता 7 मई को चला था और इसके बाद 12 मई को री-एग्जाम का निर्णय लिया गया। आगामी परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। साथ ही भविष्य में परीक्षा को ऑनलाइन मोड में कराने की संभावना भी जताई गई है।
छात्र आंदोलन की तैयारी में कांग्रेस
परीक्षा घोटाले, बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब पूरे देश में अभियान चलाने की तैयारी में है। इसी क्रम में पार्टी ने बड़े छात्र आंदोलन की घोषणा की है।
सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष के नेता राहुल गाँधी 11 जुलाई को पटना में एक विशाल छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में छात्र, शिक्षक और नौकरी के इच्छुक युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
युवाओं के मुद्दों पर बढ़ी सियासत
कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन युवाओं के भविष्य और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर है, जबकि राजनीतिक जानकार इसे सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं।


