Mahasamund Road Accident- महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजनांदगांव में बारात से लौट रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक के पास झलप में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बारात से घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव के मोतीपुर निवासी अमीन खान अपने बेटे की बारात लेकर खपरीखुर्द गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद परिवार के सदस्य कार से वापस राजनांदगांव लौट रहे थे। इसी दौरान महासमुंद जिले में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ओवरटेक करने के दौरान कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर के बाद कार के अगले हिस्से के उड़े परखच्चे
दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। सूचना मिलने पर पटेवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
तीन घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां तीन घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाली दोनों महिलाओं की पहचान और घायलों से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक लेकर फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पटेवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक व ट्रक की तलाश की जा रही है। इस हादसे ने शादी की खुशियों के बीच परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


