सीतापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर नेशनल हाईवे-43 में सड़क हादसे में 70 वर्षीय किराना व्यवसायी त्रिलोकचंद गोयल की मौत हो गई। हादसा शाम करीब 6 बजे सरगुजा साड़ी हाउस के पास हुआ।
गड्ढे के कारण बिगड़ा संतुलन
त्रिलोकचंद गोयल स्कूटी से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के गड्ढे में स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से रायगढ़ की ओर जा रहे ट्रेलर क्रमांक **UP78JN2987** ने उन्हें कुचल दिया। ट्रेलर का पिछला पहिया सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रेलर जब्त कर लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जर्जर सड़क पर उठे सवाल
हादसे के बाद NH-43 की खराब हालत और सड़क पर बने गड्ढों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।


