Road Accident : आधी रात भीषण सड़क हादसा: कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

Road Accident : आधी रात भीषण सड़क हादसा: कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

रायपुर। राजधानी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। अग्रसेन धाम चौक पर देर रात एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि श्याम नगर में रहने वाला परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी अटेंड करके घर वापस आ रहा था। तभी अग्रसेन धाम चौक पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कोडा ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो के परखच्चे उड़ गए।

कार छोड़कर भागे स्कोडा सवार
हादसे के बाद स्कोडा में सवार चार युवक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्कोडा कार को जब्त कर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि स्कोडा सवार युवक नशे में थे, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Breaking News