Road Accident- फरसगांव। छत्तीसगढ़ के फरसगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गट्टीपलना मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार पांच अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
कार्यक्रम देखने जा रहे थे बोलेरो सवार
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे। सभी पांडेआठगांव में आयोजित कार्यक्रम देखने के लिए जा रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे गट्टीपलना मोड़ पर अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोग घायल हो गए।
सड़क सुरक्षा समिति ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस की सहायता से सभी घायलों को फरसगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
सुंदरलाल नेताम की मौत, मनीष नेताम गंभीर
दुर्घटना में ग्राम पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम, पिता सुबेलाल नेताम की जान चली गई। वहीं, सेना के जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में घायल अन्य लोगों की पहचान नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम, तेजलाल नेताम (सभी निवासी पल्ली) और परदेशी कोर्राम (निवासी आलोर) के रूप में हुई है।
दो घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का फरसगांव अस्पताल में इलाज जारी है। फरसगांव थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


