Fraud News : शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा, करोड़ों की ठगी…

Fraud News : शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा, करोड़ों की ठगी…

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्रम सिंह शाह (37) को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।

हर महीने 4% मुनाफे का दिया झांसा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी धमतरी के कलेक्ट्रेट रोड पर ‘वेल्थ ट्रैकर’ नाम से कार्यालय चलाता था। वह निवेशकों को हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा देने का वादा करता था। भरोसा जीतने के लिए नोटरीकृत इकरारनामा और बैंक चेक भी देता था। शुरुआत में कुछ महीनों तक मुनाफा मिलने के बाद निवेशकों ने बड़ी रकम लगा दी, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया और आरोपी फरार हो गया।

कई निवेशकों से लाखों रुपये लेने का आरोप

मामले की शुरुआत गुरूर निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू की शिकायत से हुई। उन्होंने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर अपने परिवार सहित 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। जांच में अन्य निवेशकों से भी रकम लेने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपये, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख, भूषण सिन्हा से 28 लाख, चेतन सिन्हा से 16 लाख और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये लेने का आरोप है।

मोबाइल और निवेश संबंधी दस्तावेज जब्त

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, नोटरीकृत इकरारनामे और बैंक चेक जब्त किए हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निश्चित और असामान्य मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें और पैसा लगाने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता की जांच करें।

क्राइम न्यूज