रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस की दोहरी राजनीति से है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया, वही आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है।
कांग्रेस की दोहरी राजनीति पर हमला
जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने रवाना होने से पहले सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर EVM, SIR और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर इन्हीं संस्थाओं पर भरोसा जताती है। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी नीति बताया।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ पर नजर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सीएम साय ने कहा कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया है। अब CBI की पूछताछ में सट्टा नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं और अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
अमित जोगी के बयान पर प्रतिक्रिया
अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को हीरो बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को हीरो बताना संबंधित नेता की सोच को दर्शाता है।


