नई दिल्ली। दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में गुरुवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग तक फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मोबाइल बैटरियों से आग लगने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 1:28 बजे चेन वाली गली स्थित पुरी प्लाजा की दुकान नंबर 13/21 में आग लगने की सूचना मिली। दुकान में मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है। शुरुआती जांच में मोबाइल बैटरियों के ओवरहीट या ओवरचार्ज होने से आग लगने की आशंका जताई गई है।
वेंटिलेशन की कमी से बढ़ी मुश्किल
आग इमारत की सभी मंजिलों तक फैल गई। दमकल अधिकारियों के अनुसार, बिल्डिंग में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं है और आने-जाने के लिए केवल एक सीढ़ी है। प्रत्येक मंजिल पर 14 से 15 दुकानें हैं, जिससे आग बुझाने में परेशानी हो रही है। मौके पर दमकल की टीमों के साथ तीन कैट एंबुलेंस और दो पीसीआर वाहन भी तैनात किए गए हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


