Government website रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संदिग्ध गतिविधि सामने आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। वेबसाइट पर पाकिस्तान के झंडे का प्रतीक और हैकिंग से जुड़ा संदेश दिखाई देने लगा। मामले की जानकारी मिलते ही निगम प्रबंधन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विशेषज्ञों की मदद से वेबसाइट से संदिग्ध सामग्री हटा दी गई।
वेबसाइट पर सरकारी जानकारी की जगह दिखा हैकर का मैसेज
नगर निगम की वेबसाइट खोलने पर सामान्य जानकारियों के स्थान पर पाकिस्तानी झंडे का प्रतीक नजर आया। इसके साथ ही स्क्रीन पर “Hacked by Over Threes 1337” संदेश भी दिखाई दे रहा था। सरकारी वेबसाइट पर इस तरह की सामग्री सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

विशेषज्ञों की मदद से हटाई गई संदिग्ध सामग्री
घटना के बाद नगर निगम प्रबंधन ने साइबर सेल को इसकी सूचना दी। साइबर विशेषज्ञों की सहायता से वेबसाइट की जांच कर संदिग्ध झंडे के प्रतीक और हैकिंग संदेश को हटा दिया गया। हालांकि, वेबसाइट पर अनधिकृत बदलाव किसने किया और इसके लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस और साइबर सेल जुटी जांच में
मामले की जांच सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल कर रही है। जांच में वेबसाइट के साथ हुई छेड़छाड़ के तकनीकी पहलुओं और इसके पीछे जिम्मेदार व्यक्ति या समूह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल घटना के लिए जिम्मेदार किसी व्यक्ति या साइबर समूह की आधिकारिक पहचान सामने नहीं आई है।


