MCB Bus Accident : पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बस, मालिक समेत 6 की मौत, 40 घायल, CM ने जताया शोक

MCB Bus Accident : पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बस, मालिक समेत 6 की मौत, 40 घायल, CM ने जताया शोक

MCB Bus Accident – छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ पर बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में बस मालिक समेत 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 लोग घायल हैं। घायलों में 15 की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि बस में 47 यात्री सवार थे। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सेमरमथानी मोड़ पर अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीण बने फरिश्ता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभाला और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को पहले केल्हारी और मनेंद्रगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर 15 घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बस का चालक भी गंभीर रूप से घायल है। एक गर्भवती महिला के गर्भ में ही बच्चे की मौत की भी दुखद खबर सामने आई है।

मृतकों की पहचान हुई

मृतकों में बस मालिक सिपाही लाल (55) निवासी केल्हारी के अलावा पंचराम (60) चिरमिरी, मधु (12), नेहा (9) दोनों ग्राम रोझी, संगीत पाव (30) ग्राम गुड़रू और सुकारो (80) ग्राम भालूडांड़ शामिल हैं।

CM ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तेज रफ्तार, मोड़ पर संतुलन बिगड़ना या तकनीकी खराबी – हादसे की असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।

Breaking News