रायपुर, 11 सितम्बर। Chhattisgarh: गणेश उत्सव से पहले राजधानी रायपुर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं के अलग-अलग स्वरूप को लेकर विवाद सामने आया है। मोवा क्षेत्र में गणेश जी की 6 पैक्स और डायनासोर के आकार की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इन प्रतिमाओं को लेकर संत समाज और बजरंग दल ने आपत्ति जताई है।
संत समाज और बजरंग दल का कहना है कि भगवान गणेश की प्रतिमा बनाते समय धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि प्रतिमा का स्वरूप ऐसा होना चाहिए, जिससे भगवान गणेश के पारंपरिक और धार्मिक स्वरूप की गरिमा बनी रहे।
गणेश उत्सव को लेकर रायपुर में इस बार अलग-अलग थीम पर प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। मूर्तिकार ग्राहकों की पसंद और उनके बताए आइडिया के अनुसार मूर्तियों को नया रूप दे रहे हैं। इनमें बांस, पूजा सामग्री, मोती, दाल, धूप-अगरबत्ती जैसी अलग-अलग सामग्री से तैयार की जा रही प्रतिमाएं भी शामिल हैं।


वहीं, कुछ विशेष प्रतिमाओं को तैयार करने में कई महीने का समय लग रहा है। मूर्तिकारों का कहना है कि ग्राहक पहले ही अपनी पसंद की थीम और डिजाइन का ऑर्डर दे देते हैं, जिसके बाद उनकी पसंद के अनुसार प्रतिमा तैयार की जाती है।

