रायपुर। राजधानी के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। पॉलीमर सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।
आग बुझाने में दमकल कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण रहा। कलेक्टर के निर्देश पर दमकल गाड़ियों के साथ पानी के टैंकर और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की गई, ताकि आग आसपास की फैक्ट्रियों तक न फैले। इस दौरान एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
सुबह तक आग पर पाया काबू
दमकल कर्मियों ने रातभर अभियान चलाकर सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। स्थिति सामान्य होने के बाद ही कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल से रवाना हुए।

