कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरपाली के अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यात्रियों के उतरने के लिए रोकी थी बस
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी। तड़के करीब 3 बजे कुछ यात्रियों के बाथरूम जाने के कारण चालक ने बस को हाईवे किनारे रोक दिया। इसी दौरान गेहूं से लदे ट्रेलर ने पीछे से बस को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीछे बैठे दो यात्रियों की जान चली गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कटघोरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

