मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल, चिरमिरी में  करोड़ों की लागत से बनेंगी सड़क, नाली और पाइपलाइन

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल, चिरमिरी में करोड़ों की लागत से बनेंगी सड़क, नाली और पाइपलाइन

रायपुर। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को बड़ी सौगात मिली है। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने 15वें वित्त आयोग के अबंधित अनुदान से 9 करोड़ 82 लाख 71 हजार रुपये के 89 विकास कार्यों को मंजूरी दी है।

पेयजल और सड़क निर्माण को प्राथमिकता
स्वीकृत कार्यों में पेयजल पाइपलाइन का विस्तार, सीमेंट-कंक्रीट सड़क, आरसीसी नाली, पैदल पथ और मार्ग प्रकाश व्यवस्था शामिल हैं। कोरिया कॉलरी, गंगाधर तिलक वार्ड और हल्दीबाड़ी में पाइपलाइन विस्तार के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है। वहीं वार्ड क्रमांक 6 और 8 के बीच सड़क व नाली निर्माण के लिए 47.80 लाख रुपये दिए गए हैं।

तालाब का होगा सौंदर्यीकरण
वार्ड क्रमांक 8 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क निर्माण और गोदरीपारा में मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए भी राशि स्वीकृत हुई है। इसके अलावा बड़ा बाजार क्षेत्र में तालाब तक पैदल पथ और सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताते हुए कहा कि इन कार्यों से नागरिकों को पेयजल, आवागमन और जल निकासी की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

छत्तीसगढ़ राजनीति